![]()
अभ्यर्थियों का सवाल- रिजल्ट नहीं देने की वजह बताए विवि रांची यूनिवर्सिटी में मैनेजमेंट विषयों में फैकल्टी की नियुक्ति के लिए एक बार फिर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सेल्फ-फाइनेंस वोकेशनल कोर्सेज के तहत एमबीए और बीबीए में कुल 12 पदों पर 11 महीने के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर बहाली प्रक्रिया शुरू की है। इच्छुक अभ्यर्थी 24 अप्रैल से 20 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इस नए विज्ञापन के साथ ही पुरानी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब तीन साल पहले भी यूनिवर्सिटी ने मैनेजमेंट फैकल्टी के लिए आवेदन मंगाए थे और वॉक इन इंटरव्यू आयोजित किया था। लेकिन अब तक उसका रिजल्ट जारी नहीं किया गया। अभ्यर्थियों में नाराजगी नए सिरे से बहाली शुरू होने पर तीन साल पहले में इंटरव्यू दे चुके अभ्यर्थियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब पहले की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, जिसका विज्ञापन आज तक रद्द करने की घोषणा नहीं की गई है। फिर से आवेदन और शुल्क लेना उचित नहीं है। शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों के साथ इससे बड़ा मजाक और कुछ नहीं हो सकता है। अभ्यर्थियों ने पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पुराने रिजल्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है।


