![]()
गांधी जयंती पर मंडल कारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जेल अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया और सत्य, अहिंसा व मानवता के संदेश पर चर्चा हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने बताया कि जेल अदालत के जरिए बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी गई। चीफ एलएडीसीएस प्रभात श्रीवास्तव ने बंदियों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। डिप्टी एलएडीसीएस बृखभान अग्रवाल ने कहा कि जिन बंदियों को अपने मामलों में पैरवी के लिए अधिवक्ता की जरूरत है, वे विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता मांग सकते हैं। असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। जेल अदालत के दौरान बंदियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके मामलों से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी ली गई। न्यायिक प्रक्रिया, कानूनी अधिकार और उपलब्ध सेवाओं पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के तहत बंदियों की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां दी गईं और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया। गांधी जयंती पर मंडल कारा में आयोजित जेल अदालत में भाग लेते लोग।
बंदियों को दी विधिक जानकारी स्वास्थ्य जांच कर बांटी दवाइयां
