
खास बातें
Taratala Godown Accident: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तारातला गोदाम हादसे के लोगों की जान बचाने में अलग-अलग एजेंसियों की समन्वित कोशिशों की शनिवार को तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस हादसे के बाद इमारतों और निर्माण से जुड़ी सुरक्षा की सख्त निगरानी की जा रही है.
24 जून को हादसे में हुई थी 16 लोगों की मौत
वह कोलकाता पुलिस द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में इमारत गिरने की जगह पर बचाव अभियान में शामिल कर्मियों को सम्मानित किया गया. कोलकाता के तारातला इलाके में 24 जून को निर्माणाधीन गोदाम के ढहने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी थी और 17 अन्य घायल हो गये थे.
कई एजेंसियों ने मिलकर चलाया था राहत-बचाव अभियान
मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस के अलग-अलग विभागों, दमकल और आपातकालीन सेवा विभाग, रेलवे, चिकित्सकों और नर्सों, सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की सम्मिलित कोशिशों की तारीफ की. चीफ मिनिस्टर ने कहा- हमें सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. तारातला हादसे के बाद, इमारतों और निर्माण से जुड़े मामलों की खास जांच चल रही है. हर विभाग को सतर्क रहने के लिए कहा गया है.
इसे भी पढ़ें : तारातला गोदाम हादसा मामले में मुश्किल में फिरहाद हकीम, कोलकाता के पूर्व मेयर समेत 3 के खिलाफ शिकायत दर्ज
Taratala Godown Accident: आपात स्थिति में एजेंसियों के तालमेल के महत्व पर दिया जोर
बंगाल के सीएम ने आपातकालीन स्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल के महत्व पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान ने यह दिखाया कि अलग-अलग संगठन लोगों की जान बचाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं.
मैं सभी बचावकर्मियों को सलाम करता हूं. आप सभी ने बेहतरीन तालमेल के साथ काम किया और 17 लोगों की जान बचाने में सफल रहे. मैं सेना और एनडीआरएफ को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं. सभी एजेंसियों के बीच सहयोग की यह भावना भविष्य में भी बनी रहनी चाहिए, क्योंकि हर जान की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है.
शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करने तारातला जायेंगे सीएम
मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की भूमिका की भी तारीफ की, जो हादसे के बाद सबसे पहले मदद के लिए आगे आये. उन्होंने कहा- तारातला के लोग, खासकर वहां के युवा, तारीफ के हकदार हैं. आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले ही उन्होंने बचाव का काम शुरू कर दिया था. मैं तारातला जाकर उनकी हिम्मत और निस्वार्थ कोशिशों के लिए व्यक्तिगत रूप से उनका आभार व्यक्त करने की कोशिश करूंगा. कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पॉल, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें
कोलकाता गोदाम हादसा : मुख्य ठेकेदार समेत 16 की मौत, बचाव अभियान में जुटा भारतीय रेलवे
कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम हादसे के बाद क्यों चर्चा में है बेहरा ब्रदर्स?

