Wednesday, May 13, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बच्चों के विवाद में किराना दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या:भतीजे का गांव के लड़कों से हुआ था विवाद, पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार


दरभंगा में किराना दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। मृतक आसी गांव निवासी सुजीत कुमार (37) बच्चों के विवाद को सुलझाने गए थे। सुजीत के भतीजे की गांव के बच्चों के साथ मारपीट हो गई थी। सुजीत जब पहुंचे तो दूसरे पक्ष के बच्चे के पिता ने पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने घटना के 2 घंटे के बाद मुख्य आरोपी रामविलास को गिरफ्तार कर लिया है। घटना घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव की है।
8 मई को हुआ था विवाद
मृतक के भतीजे आदित्य (9) के अनुसार 8 मई को गांव में शादी थी। भोज के दौरान कुछ लड़कों से विवाद हुआ था। इसी दौरान रामसेवक महतो (12) ने मुझपर गिट्‌टी फेंकी थी। जिसके बाद मैं बिना खाना खाए ही घर लौट गया था। मंगलवार की शाम मैं और मेरे भाई शिवम और सुंदर कुमार खेलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मोरवा के पास रामसेवक महतो और उसके दोस्तों ने हमें घेर लिया। राम सेवक के पिता रामविलास भी थे। उनलोगों ने हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव में चाचा सुजीत पहुंचे तो रामविलास महतो और उसके भाई राम कुमार महतो ने चाचा की पीटकर हत्या कर दी। सुजीत को पहले स्थानीय लोगों ने एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया था। जहां से उन्हें सीएचसी आसी भेजा गया था। जहां इलाज के दौरान सुजीत ने दम तोड़ दिया।
परिवार के इकलौते कमाने वाले थे

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में मृतक के परिवार में पहले ही कई असामयिक मौतें हो चुकी हैं। बताया जाता है कि सुजीत कुमार साहू के 3 भाइयों, मां और एक भाभी की भी मौत हो चुकी है। अब सुजीत की मौत के बाद पूरा परिवार बिखर गया है।
मृतक अपने पीछे पत्नी अंजू देवी, तीन बेटे शिवम, सत्यम और सुंदर कुमार के अलावा पैरालिसिस से पीड़ित पिता गणेश साहू को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सुजीत ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। घटना की सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
एक की गिरफ्तारी हुई है, बाकी की तलाश
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी रामविलास महतो को घटना के महज 2 घंटे के भीतर निशिहारा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles