औरंगाबाद में डीएम अभिलाषा शर्मा ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-139 स्थित बटाने पुल के डायवर्जन निर्माण कार्य का निरीक्षण। काम कितना हुआ, किस तरह से हो रहा है, इसकी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताया। संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को अगले 15 दिनों में हर हाल में डायवर्जन निर्माण कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। अभिलाषा शर्मा ने सहायक अभियंता (एई), कनीय अभियंता (जेई) और अन्य तकनीकी कर्मियों को रोस्टर के अनुसार 24 घंटे स्थल पर मौजूद रहकर निर्माण कार्य की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और निर्माण की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए। यदि कार्य के दौरान कोई तकनीकी या अन्य बाधा उत्पन्न होती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए। नाइट शिफ्ट में भी काम करने को कहा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अब तक हुए कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बटाने पुल क्षेत्र से होकर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए डायवर्जन का निर्माण समय पर पूरा होना जरूरी है। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए नाइट शिफ्ट में भी काम कराया जाए और सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल हो। काम पूरा नहीं हुआ तो जवाबदेही तय होगी डीएम ने चेतावनी देते हुआ कि 15 दिन के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय-सीमा के अंदर काम पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


