![]()
लातेहार में बहन के प्रेम संबंध का विरोध करना एक नाबालिग को भारी पड़ गया। आरोप है कि बहन के प्रेमी ने नाबालिग को दो साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। बेरहमी से मारपीट करने के बाद सदर थाना क्षेत्र के पतकी पुलिस पिकेट के राजा ढाबा के पास सड़क हादसा दिखाने के लिए उसे गुजर रहे हाइवा के नीचे फेंक दिया। रांची ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत गंभीर हालत में इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी अरबाज आलम (21) का मृतक की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। मृतक इसका विरोध करता था। इसी रंजिश में अरबाज ने समीर अंसारी (19) और कमलेश कुमार सिंह (19) के साथ मिलकर नाबालिग को रास्ते से हटाने की साजिश रची। मारपीट के बाद रोड एक्सीडेंट का दिया रूप पुलिस के अनुसार, तीनों ने घात लगाकर नाबालिग का अपहरण किया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद हत्या को दुर्घटना का रूप देने के इरादे से उसे मुख्य सड़क से गुजर रहे हाइवा के नीचे धक्का दे दिया। हाइवा की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस व ग्रामीणों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया। रांची ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही घटनास्थल से मृतक के शव का ब्लड सैंपल भी लिया गया है।
बहन के अफेयर का विरोध करने पर भाई की हत्या:लातेहार में लड़की के प्रेमी ने साथियों संग मिलकर की हत्या, 3 आरोपी पकड़े गए
