![]()
बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव के पास रविवार रात एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लालपुर निवासी शंकर मोहली की पत्नी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। यह घटना भैरोगंज-कटोरिया मुख्य सड़क पर लालपुर के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी रविवार रात किसी काम से घर के पास गई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क किनारे गिर गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की चपेट में आने से हुआ। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और शोर मचाया कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने महिला को सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनकी पहचान उर्मिला देवी के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया। कटोरिया अस्पताल में डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने जांच के बाद उर्मिला देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बांका सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अज्ञात वाहन चालक की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

