![]()
बांका में गुरुवार शाम एक चलती ट्रेन से गिरकर 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। यह घटना धौनी रेलवे स्टेशन के पास भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर धनसार के समीप हुई। सूचना मिलने पर रजौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक भागलपुर की ओर जा रही लोकल पैसेंजर ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर यात्रा कर रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक घंटे तक रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा रहा युवक स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद युवक करीब एक घंटे तक गंभीर अवस्था में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा रहा। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल रेलवे विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गई थी, लेकिन समय पर सहायता नहीं पहुंचने के कारण लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि यदि समय रहते चिकित्सा सहायता मिल जाती तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। रजौन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मृतक की तस्वीर विभिन्न थानों में भेजकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नियमानुसार, अज्ञात शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा ताकि परिजन उसकी शिनाख्त कर सकें। यदि इस अवधि में पहचान नहीं हो पाती है, तो आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

