![]()
बांका टाउन थाना क्षेत्र के गांधी चौक पर रविवार रात पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार स्वयं सड़क पर उतरे। उनके साथ पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। एसपी के नेतृत्व में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का सख्त पालन करने का निर्देश दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना बसूला गया। गांधी चौक से गुजरने वाले वाहनों को पुलिस अधीक्षक की निगरानी में रोका गया और उनकी जांच की गई।इस दौरान वाहनों के कागजात, चालक के दस्तावेज और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पड़ताल हुई।पुलिस पदाधिकारियों ने कई वाहनों की तलाशी भी ली।एसपी ने स्वयं कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने अपने कर्मियों को वाहन जांच के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा रात में एसपी के स्वयं जांच अभियान की कमान संभालने से पुलिसकर्मियों में भी सक्रियता देखी गई। इस दौरान, एसपी ने गांधी चौक और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र में गश्ती और कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि यह अभियान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया गया है। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही सुरक्षित यातायात नियमों का सख्त पालन करने का निर्देश दिया गया है।


