![]()
बिहार के कृषि मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक और राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है, इसलिए प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे सिन्हा सोमवार को लखीसराय स्थित भाजपा जिला प्रधान कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं स्मरण पक्ष के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ने की, जिसमें कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और पूर्व मंत्री जनक राम मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में विजय कुमार सिन्हा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन को राष्ट्रभक्ति, त्याग, सेवा और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखंडता, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। ‘संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार’ पूर्व मंत्री जनक राम ने भी डॉ. मुखर्जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर संगठन को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कृषि मंत्री सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार होती है। सम्मेलन के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


