Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

“बाबा गरीबनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करेंगे”:पर्यटन मंत्री बनते ही मुजफ्फरपुर पहुंचे केदार गुप्ता, बोले- बिहार पर्यटन में दुनिया में पहचान बनाएगा


बिहार सरकार में पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता पहली बार मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बाबा गरीबनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ वे आगे काम करेंगे, ताकि बिहार पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया में नई पहचान बना सके। मुजफ्फरपुर पहुंचने पर शहर के अलग-अलग इलाकों में मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद मंत्री सीधे बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक बाबा गरीबनाथ का दर्शन-पूजन और विशेष अनुष्ठान किया। मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बाबा गरीबनाथ और बाबा बैद्यनाथ की कृपा से उन्हें मंत्री बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आशीर्वाद से उन्हें पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा, “हम बाबा गरीबनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का काम करेंगे और यह संकल्प लेकर चला हूं। बिहार में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। आने वाले समय में बिहार पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया में नई पहचान बनाएगा।” मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार विशेष योजनाओं पर काम करेगी। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पूजन कार्यक्रम के दौरान बाबा गरीबनाथ धाम के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक, पुजारी संतोष पाठक समेत कई अन्य पुजारी मौजूद रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles