Bihar News: (अमृता सिंह, पटना) बिहार में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामले लगातार बढ़ रहे हैं. घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक प्रताड़ना और साइबर अपराध की शिकायतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. महिला एवं बाल विकास निगम की हेल्पलाइन 181 पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरे राज्य से 69,101 शिकायतें पहुंचीं. इनमें से 58,596 मामलों का निबटारा किया जा चुका है.
निगम के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा शिकायतें घरेलू हिंसा से जुड़ी रहीं. इसके अलावा महिलाओं की फोटो वायरल करने, ऑनलाइन धमकी, दहेज प्रताड़ना और सामाजिक उत्पीड़न जैसे मामलों में भी लगातार इजाफा हुआ है.
पटना में सबसे ज्यादा शिकायतें
राजधानी पटना महिलाओं से जुड़े मामलों में सबसे ऊपर रहा. यहां 6,928 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 5,995 मामलों का समाधान किया गया. अधिकारियों के अनुसार पटना में फोटो वायरल करने और साइबर उत्पीड़न की शिकायतें सबसे अधिक सामने आईं.
गया जिले में 4,036 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 2,620 मामलों का निबटारा हुआ. वहीं बेगूसराय में 2,950 मामलों में से 1,793 का समाधान किया गया.
भागलपुर ने किया सबसे बेहतर प्रदर्शन
मामलों के निष्पादन में भागलपुर जिला राज्य में सबसे आगे रहा. यहां कुल 2,880 शिकायतें आयीं और 2,832 मामलों का समाधान कर लिया गया. भागलपुर की काउंसलर मोना कुमारी ने बताया कि त्वरित कार्रवाई, लगातार काउंसलिंग और विभागों के बेहतर समन्वय के कारण मामलों का तेजी से निबटारा संभव हो सका.
पूर्णिया, सारण, गोपालगंज और किशनगंज ने भी बेहतर प्रदर्शन किया. वहीं जहानाबाद में स्थिति चिंताजनक रही. यहां 2,293 शिकायतों में से सिर्फ 964 मामलों का ही समाधान हो सका. विभाग अब इसकी समीक्षा कर रहा है.
हेल्पलाइन से मिल रही कानूनी और प्रशासनिक मदद
महिला एवं बाल विकास निगम के अधिकारियों ने बताया कि हेल्पलाइन 181 के जरिए महिलाओं को कानूनी सलाह, काउंसलिंग और तत्काल सहायता दी जा रही है. साइबर अपराध बढ़ने के बाद महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है.
The post बिहार में हेल्पलाइन पर महिलाओं की 69 हजार शिकायतें, पटना में फोटो वायरल करने के मामले सबसे ज्यादा appeared first on Prabhat Khabar.

