बोकारो | दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ उपायुक्त श्री अजय नाथ झा के निर्देश पर जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को पेंशन राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों एवं विधवा महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना और त्योहार के अवसर पर उनके जीवन में राहत एवं खुशियों का उजाला पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30,681 लाभुकों को अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक चार माह की पेंशन राशि के भुगतान की कार्रवाई एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से पूरी कर ली गई है। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 9,546 लाभुकों को अप्रैल से अगस्त तक पांच माह की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। इन योजनाओं के कुल 40,227 लाभुकों को लाभ मिला है।
