मुजफ्फरपुर | शहर में जलनिकासी, सड़क और सीवरेज परियोजनाओं की धीमी रफ्तार को लेकर मेयर निर्मला देवी साहू ने सोमवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर बुडको की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बुडको की लापरवाही और शिथिलता का खामियाजा सीधे शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वर्षों से चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। मेयर ने मंत्री से मांग की कि बुडको के सभी निर्माण, जलापूर्ति और सीवरेज कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर जिम्मेदारी तय की जाए और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। मेयर ने नगर निगम के नए प्रशासनिक भवन निर्माण की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके अलावा नगर निगम की आय बढ़ाने और इसे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित पेट्रोल पंप योजना को भी विभागीय मंजूरी देकर शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग की गई। उन्होंने मंत्री का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि नगर निगम बोर्ड और स्टैंडिंग कमेटी से पारित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के बावजूद योजनाओं का अनुपालन काफी धीमा है।

