Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बोकारो में दो दुकानों में लगी आग:सुबह दुकानों से उठता धुआं देख लोगों ने दी सूचना, लाखों का सामान जलकर राख


बोकारो के सेक्टर 8/सी स्थित राय चौक पर रविवार सुबह अचानक आग लगने से दो जनरल स्टोर में भारी नुकसान हो गया। इस घटना में आर के जनरल स्टोर और पवन जनरल स्टोर में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सुबह आसपास के लोगों ने दुकानों से धुआं उठता देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान मालिकों और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। पवन जनरल स्टोर के मालिक काशीनाथ प्रसाद ने बताया कि सुबह जब लोगों ने धुआं उठते देखा तो उन्हें इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद वे तुरंत मौके की ओर रवाना हुए। दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन विभाग के राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। आग काफी तेजी से फैल चुकी थी, जिससे दमकल कर्मियों को उसे नियंत्रित करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के लिए सबसे पहले दुकानों के शटर तोड़े गए, ताकि अंदर पहुंचकर लपटों को काबू में किया जा सके। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाया। घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग करते रहे। दुकान मालिकों को फोन पर मिली सूचना दुकान मालिकों ने बताया कि घटना के समय वे अपने-अपने घरों में सो रहे थे। उन्हें स्थानीय लोगों के फोन के माध्यम से आग लगने की जानकारी मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आर के जनरल स्टोर के मालिक रंजीत कुमार गुप्ता उस समय रांची में थे, जिन्हें भी स्थानीय लोगों ने फोन कर घटना की सूचना दी। रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आग लगने से करीब चार से पांच लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बता रहे हैं, जबकि कुछ अन्य लोगों का कहना है कि दुकान के पीछे झाड़ियों की सफाई के दौरान लगाई गई आग फैलकर दुकानों तक पहुंच गई। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles