
पुरुलिया से हंसराज सिंह की रिपोर्ट
Annapurna Scheme Protest: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में अन्नपूर्णा योजना के पैसे नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों महिलाओं ने रघुनाथपुर महकमा शासक (SDO) कार्यालय का अचानक घेराव कर दिया. सुबह करीब 11 बजे रघुनाथपुर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से जुटी महिलाओं ने प्रशासनिक ढिलाई और योजना में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की.
महिलाओं ने रोड को कर दिया जाम
प्रशासन से उचित और संतोषजनक आश्वासन न मिलने पर उग्र हुई महिलाओं ने रघुनाथपुर-सांतलडी मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. इसकी वजह से वाहनों की आवाजाही ठप हो गयी और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी ने 1.10 करोड़ महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किये अन्नपूर्णा भंडार के 3000-3000 रुपए
प्रदर्शनकारी महिलाओं के 3 आरोप
- आवेदन करने के बाद नहीं मिले पैसे : महिलाओं का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से समय पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी. पात्रता की सभी शर्तें पूरी करने के बावजूद उनके खाते में 3,000 रुपए नहीं आये.
- अपात्रों को लाभ देने का आरोप : प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि योजना की शर्तें पूरी न करने वाले कई अपात्र लोगों के बैंक खातों में पैसे आ रहे हैं. वास्तव में जो जरूरतमंद हैं, उन्हें दरकिनार किया जा रहा है.
- प्रशासनिक संवाद का अभाव : महिलाएं महकमा उपशासक सह महकमा उपसमाहर्ता (DMDC) मोहम्मद नाजिर हुसैन से सीधे मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहती थीं, लेकिन अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. इसके बाद महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें: अन्नपूर्णा योजना का 3000 निकालने गयी थी महिला, बैंक अकाउंट में मिले 700 करोड़ रुपए, मचा हड़कंप
पुलिस बल की तैनाती, स्थिति तनावपूर्ण
सड़क जाम और महकमा कार्यालय के घेराव की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित महिलाएं तत्काल जांच और बकाया भुगतान की मांग पर अड़ी रहीं. प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सका.
The post अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने से भड़कीं पुरुलिया की महिलाएं, एसडीओ कार्यालय घेरा, रोड जाम appeared first on Prabhat Khabar.
