![]()
बोकारो के चीरा-चास थाना क्षेत्र में 4 मई को हुए जानलेवा हमला व लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चास थाना क्षेत्र निवासी हर्ष पाण्डेय उर्फ हर्ष भूमिहार (19) और दिव्य मिश्रा उर्फ दिव्यांशु मिश्रा उर्फ मुन्ना मिश्रा (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में चीरा-चास थाना में 5 मई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 38/2026) दर्ज की गई है। यह घटना 4 मई की शाम करीब 6 बजे की है। न्यू पिण्डरगोड़िया निवासी आरिफ अंसारी (25), जो गद्दे की फेरी का काम करते हैं, लगभग 50 हजार रुपए का कलेक्शन लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। 8-9 हमलावरों ने हमला किया था इसी दौरान जोधाडीह मोड़ स्थित सोलागीडीह तालाब के पास पहले से घात लगाए 8-9 हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने भुजाली, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से आरिफ की बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने आरिफ को मृत समझकर उनसे 50 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस हमले में आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आरिफ अंसारी का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश एक कारण है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए सभी हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

