![]()
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड की सभी 20 पंचायतों में शुक्रवार को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्रामसभा का आयोजन किया गया। पंचायत एवं सामुदायिक भवनों में आयोजित ग्राम सभा की अध्यक्षता संबंधित पंचायत के मुखिया ने की,जबकि संचालन पंचायत सचिवों ने किया। ग्रामसभा के दौरान पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और ग्रामीणों की जरूरतों पर चर्चा करते हुए कई विकास योजनाओं को प्रस्ताव में शामिल किया गया।साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए। सहिला रामपुर पंचायत में मुखिया पानो देवी की अध्यक्षता में पंचायत सचिव कमल पासवान ने ग्राम सभा का संचालन किया। इसी तरह नरकटिया में मुखिया रंजन कुमार व सचिव दीपक कुमार,कर्णपुर दक्षिणी में मुखिया राधा देवी व सचिव सुमन कुमार, बलथी रसूलपुर में मुखिया रिंकू कुमारी व सचिव अनुरंजन कुमार, मझौली में मुखिया मंजू देवी व सचिव दीपक कुमार तथा देवगण में मुखिया दिनेश सहनी व सचिव सुमन कुमार के संचालन में ग्राम सभा आयोजित हुई। इसके अलावा प्रखंड की अन्य पंचायतों में भी ग्राम सभा का आयोजन किया गया। नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों ने ली शपथ ग्राम सभा के दौरान नशामुक्ति को लेकर उपस्थित ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई।लोगों से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। वहीं ग्रामीणों की ओर से उठाई गई विभिन्न समस्याओं को ग्राम सभा में रखा गया और उनके समाधान को लेकर योजनाओं के प्रस्ताव पारित किए गए।प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में नाम छूटे हुए पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में शामिल करने का प्रस्ताव भी ग्राम सभा में पारित किया गया। ग्राम सभा से पारित सभी प्रस्तावों को आगे की कार्रवाई के लिए प्रखंड कार्यालय भेजा जाएगा।पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि योजनाओं के प्रस्तावों के अमल में आने से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। ग्राम सभा में पंचायत सचिव कमल पासवान,धीरज कुमार,समाजसेवी लाल बाबू सहनी,राजीव कुमार,सरोज कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बोचहाँ की 20 पंचायतों में गांधी जयंती पर ग्रामसभा आयोजित:विकास कार्यों पर चर्चा हुई, नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई

