Top 5 This Week

Related Posts

भतीजी की शादी से पहले तालाब में डूबे चाचा:धनबाद में शादी की खुशियां मातम में बदली, लोहे के उपकरण के निकाला


धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित बड़ा पिछड़ी गांव में मंगलवार रात एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा उर्फ दुखी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश विश्वकर्मा मंगलवार शाम गांव के तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया। वे संतुलन खोकर तालाब के गहरे पानी में गिर गए। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। झग्गर से निकाला गया शव, पसरा मातम इधर, जब राजेश काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उन्हें आखिरी बार तालाब के पास देखा गया था। इस सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जमा हो गए और खोजबीन शुरू की गई। काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो ग्रामीणों ने झग्गर (लोहे के बने उपकरण) की मदद से तालाब में तलाश तेज की। कई घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार उनका शव तालाब से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब मृतक के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, राजेश विश्वकर्मा की भतीजी की शादी बुधवार यानी आज होनी थी। घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन इस अचानक हुई घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। रिश्तेदारों और गांव के लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है।

Spread the love

Popular Articles