![]()
भागलपुर में नया बिजली कनेक्शन चालू कराने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को कार्रवाई की है। बिजली विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) और एक टेक्नीशियन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपितों को तिलकामांझी चौक स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र परिसर से चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दबोचा गया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कचहरी बिजली उपकेंद्र में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार और टेक्नीशियन सौरभ कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी संतोष कुमार ने अपने आवास के लिए नया बिजली कनेक्शन हासिल करने के लिए आवेदन किया था। आवेदन की सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि कनेक्शन सक्रिय करने के बदले जेई और टेक्नीशियन ने उनसे चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई रिश्वत की मांग से परेशान होकर संतोष कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप प्रथमदृष्टया में सही पाए जाने पर विजिलेंस की विशेष टीम ने सुनियोजित ढंग से ट्रैप की कार्रवाई की। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपितों को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से तैनात विजिलेंस अधिकारियों ने तत्काल छापेमारी कर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी मिथलेश कुमार ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए ट्रैप की कार्रवाई की गई। दोनों आरोपितों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


