Thursday, October 15, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भागलपुर में ही दिखेगा ब्रह्मांड का जादुई नजारा: डिजिटल तारामंडल के लिए जमीन चिह्नित करने का काम शुरू

Bhagalpur Planetarium: बिहार सरकार का विज्ञान, प्रावैधिकी व तकनीकी शिक्षा विभाग भागलपुर में एक भव्य डिजिटल तारामंडल सह स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी एजुकेशन सेंटर की सौगात देने जा रहा है. दो एकड़ की विशाल भूमि पर आकार लेने वाले इस आधुनिक केंद्र की स्थापना से न केवल भागलपुर, बल्कि पूरे पूर्वी बिहार और सीमांचल के जिलों में शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई क्रांति आने वाली है. प्रशासनिक स्तर पर जमीन की खोज की प्रक्रिया तेज हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों और छात्रों में एक अनूठा उत्साह देखने को मिल रहा है.

3D और 4D तकनीक से खुलेगा ब्रह्मांड का जादुई द्वार

डिजिटल तारामंडल का अनुभव केवल एक सामान्य सिनेमा हॉल में फिल्म देखने जैसा नहीं होता, बल्कि यह एक ऐसा जादुई केंद्र है जहां दर्शक खुद को अंतरिक्ष की गहराइयों में मौजूद महसूस करते हैं. इस केंद्र में अत्याधुनिक 3D और 4D डिजिटल प्रोजेक्टर्स, विशाल डोम स्क्रीन और शानदार साउंड सिस्टम लगाया जाएगा. दर्शक एक कृत्रिम रात के आकाश के नीचे बैठकर तारों, ग्रहों, उपग्रहों और विशाल आकाशगंगाओं की गति को एकदम करीब से देख सकेंगे. किताबों के पन्नों में पढ़ी जाने वाली चंद्र ग्रहण, सूर्य ग्रहण और सौरमंडल की पेचीदा संरचनाएं अब बच्चों की आंखों के सामने सजीव रूप में जीवंत हो उठेंगी, जिससे उनकी समझ और वैज्ञानिक सोच को नई धार मिलेगी.

2 एकड़ जमीन की तलाश तेज: 7 दिनों में रिपोर्ट का सख्त अल्टीमेटम

इस ड्रीम प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई काफी तेज कर दी गई है. विज्ञान, प्रावैधिकी व तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव हिमांशु शर्मा ने प्रमंडलीय आयुक्त और भागलपुर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दो एकड़ उपयुक्त भूमि चिह्नित कर विभाग के नाम हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है. इस निर्देश के बाद सदर एसडीओ ने प्रशासनिक हलचल बढ़ाते हुए सदर अनुमंडल के सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं. सीओ को निर्देशित किया गया है कि वे सात दिनों के भीतर अपने-अपने अंचलों में न्यूनतम दो एकड़ उपयुक्त, हस्तांतरण योग्य, अतिक्रमण मुक्त और पूरी तरह विवादरहित सरकारी जमीन की रिपोर्ट सौंपें. जमीन का मौजा, थाना नंबर, खाता, खेसरा, रकबा और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलते ही जमीन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य का रास्ता साफ कर दिया जाएगा.

भागलपुर समेत 7 पड़ोसी जिलों के लाखों बच्चों की बल्ले-बल्ले

इस हाइटेक तारामंडल के निर्माण का सबसे बड़ा और सीधा लाभ स्कूली विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं को मिलेगा. अब तक भागलपुर और इसके आसपास के जिलों जैसे बांका, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया और मधेपुरा के बच्चों को खगोल विज्ञान की जटिलताओं को समझने या तारामंडल देखने के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर पटना जाना पड़ता था. अब भागलपुर में ही यह केंद्र स्थापित होने से इन तमाम जिलों के लाखों विद्यार्थियों का समय और पैसा दोनों बचेगा. इसके साथ ही यह केंद्र केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां समय-समय पर स्पेस क्विज, टेलीस्कोप से रात्रि-आकाश अवलोकन और साइंस फेयर जैसे ज्ञानवर्धक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू होगा.

Bhagalpur Planetarium: पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान

भागलपुर में डिजिटल तारामंडल की स्थापना से शहर के शैक्षणिक और पर्यटन परिदृश्य में एक युगांतरकारी बदलाव आने वाला है. विक्रमशिला और अंग प्रदेश की इस ऐतिहासिक धरती पर अब विज्ञान पर्यटन का एक नया अध्याय जुड़ेगा. दूर-दराज के जिलों से आने वाले विद्यार्थियों और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय होटल, परिवहन और छोटे व्यापारियों के रोजगार को सीधा बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही इस केंद्र में सजीव प्रदर्शनी, मॉडल्स, इंटरैक्टिव कियोस्क और वर्कशॉप जैसी सुविधाएं भी होंगी जो युवाओं में नवाचार और अनुसंधान के प्रति नया आकर्षण पैदा करेंगी. प्रशासन का दावा है कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि जल्द से जल्द भागलपुरवासी ब्रह्मांड के इस रोमांचक सफर का आनंद ले सकें

Also Read: बिहार के 2.48 लाख किसानों के खाते में आए 112.52 करोड़, CM सम्राट ने बटन दबाकर भेजी राशि

Also Read:वैशाली नाव हादसा: पटना आते ही चिराग बोले- लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होगी, पप्पू यादव भी दोषी अधिकारियों पर भड़के

The post भागलपुर में ही दिखेगा ब्रह्मांड का जादुई नजारा: डिजिटल तारामंडल के लिए जमीन चिह्नित करने का काम शुरू appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles