![]()
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत भुताने पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का बुधवार को उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग द्वारा निर्मित इस भवन का लोकार्पण बोचहां विधायक बेबी कुमारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित सहयोग शिविर में विधायक ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। विधायक बेबी कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन को अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों को एक ही परिसर में सहजता से उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीणों के समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और अधिक सुगम हो जाएगा। विधायक ने बोचहां विधानसभा के प्रत्येक पंचायत में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं और जनता के विश्वास पर सदैव खरा उतरने का प्रयास करती रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की और विधायक के विकासोन्मुख प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर भुताने पंचायत की मुखिया फूल कुमारी देवी, समाजसेवी प्रमोद पासवान, मंडल अध्यक्ष अनिल यादव, सुमित कुमार, जदयू नेता सह पैक्स अध्यक्ष रंजन कुमार, तेंदुलकर कुमार, सुबोध पासवान, अनिल सिंह, सकलदीप ठाकुर सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


