Friday, May 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

भोजपुर में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के 5 बदमाश गिरफ्तार:अलग-अलग जगहों से चोरी की 11 बाइक बरामद, ग्रामीणों इलाकों में कम कीमत बेचते थे


भोजपुर पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के मुख्य सरगना समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अलग-अलग जगहों से चोरी की गई 11 बाइक बरामद की गई है। इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि गिरोह से जुड़े चार अन्य सदस्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में टाउन थाना क्षेत्र के अमीर टोला निवासी राहुल कुमार तिवारी, बड़हरा के बिंदगांव के रहने वाले हरिओम सिंह, बबुरा के फुहां गांव के राज निक्की उर्फ निक्की सिंह, कोइलवर के बड़का चंदा निवासी विशाल कुमार और चांदी थाना क्षेत्र के चांदी निवासी शैलेश कुमार शामिल है। इनमें राहुल कुमार तिवारी और हरिओम सिंह को गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। क्रिमिनल रिकॉर्ड को खंगाल रही पुलिस आरा सदर एसडीपीओ-वन राज कुमार साह ने बताया कि बरामद की गई 11 टू-व्हीलर में सात शहर के टाउन थाना क्षेत्र से, एक नवादा और एक जहानाबाद जिले से चोरी की गई थी। दो अन्य बाइकों का सत्यापन किया जा रहा है। गिरफ्तार बदमाशों के क्रिमिनल रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। शहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। इसके तहत 14 से 15 मार्च के बीच विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टाउन थाना क्षेत्र के अमीर टोला, धरहरा निवासी राहुल कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हरिओम सिंह, राज निक्की उर्फ निक्की सिंह, विशाल कुमार और शैलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद की गई। फरार बदमाशों की तलाश जारी इंस्पेक्टर देवराज राय ने बताया कि गिरोह में चोरी से लेकर बिक्री तक का पूरा नेटवर्क बना हुआ था। महंगी बाइकों को चोरी कर बेहद कम कीमत में ग्रामीण क्षेत्रों में बेच दिया जाता था। खरीदार इन बाइकों का उपयोग अवैध शराब और बालू के कारोबार में करते थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles