![]()
भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र में कोयल-कुसमी मोड़ के पास बड़ी नहर से एक युवक की लाश बरामद की गई है। नहर में ही युवक की बाइक भी बरामद की गई है। घटना की जानकारी के बाद मृतक के ससुराल पक्ष ने हत्या के बाद लाश को बाइक समेत नहर में फेंके जाने की आशंका जताई है। मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन गांव वार्ड नंबर-16 के रहने वाले वीरेंद्र तिवारी के 30 साल के बेटे संतोष तिवारी उर्फ खरखरी के रूप में हुई है। वो पेशे से ड्राइवर था। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण एवं उसके ससुराल वालों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने कोयल-कुसमी मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग के साथ भोजपुर एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करने लगे। तीन घंटे तक लाश को रखकर सड़क किया जाम मृतक के परिजन ने करीब तीन घंटे तक लाश को रखकर सड़क जाम किया। सड़क जम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई एवं आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा। सड़क जाम की सूचना पाकर पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार एवं सिकराहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के काफी मशक्कत के बाद उन्हें समझा-बुझाकर जाम को हटाया। तब परिचालन शुरू हो सका। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। संतोष की पत्नी की नानी की मौत हुई थी, ससुराल गया था मृतक के भाई सरोज तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पहले संतोष की पत्नी नेहा कुमारी की नानी की मौत हो गई थी। इसलिए संतोष गांव के ही विश्वास नाम के लड़के के साथ सोमवार शाम छह बजे बाइक से अपने ससुराल कोयल गांव जाने के लिए निकला था। सरोज तिवारी ने बताया कि जब मैंने शाम करीब 7 बजे संतोष के मोबाइल पर कॉल किया तो उसने बताया कि अभी मैं फतेहपुर में हूं। इसके बाद जब रात 10 बजे दोबारा उनके ससुराल वालों के पास फोन किया गया तो जानकारी मिली कि संतोष अभी तक कोयल गांव नहीं पहुंचा है। मंगलवार सुबह नहर के पास मिली लाश मंगलवार की सुबह जब संतोष की खोजबीन की जाने लगी, तो इसकी जानकारी सिकराहटा थाना की पुलिस को भी दी गई। इसी बीच संतोष के ससुराल वालों की ओर से फोन पर बताया गया कि कोयल-कुसमी मोड़ के पास नहर से एक व्यक्ति का शव और बाइक बरामद हुआ है। जब हम लोग वहां पहुंचे और शव को देखकर संतोष की पहचान की। मृतक के भाई सरोज तिवारी ने संतोष के बाइक समेत नहर में गिरकर डूबने की बात कही है। उसने किसी भी व्यक्ति पर किसी प्रकार का कोई आरोप या आशंका नहीं जताया है। पुलिस की ओऱ से बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, मृतक युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। वह अपने तीन भाई व एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में पत्नी नेहा कुमारी एवं एक पुत्र नारायण तिवारी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी नेहा कुमारी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोजपुर में ससुराल के लिए निकल युवक की मौत:नहर से बरामद हुई लाश; ससुरालवालों ने हत्या की आशंका जताई; विरोध में 3 घंटे सड़क जाम
