![]()
झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की सचिव मरियम हेमरोम ने गुरुवार को मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और कानूनी सहायता की स्थिति की समीक्षा की। रसोईघर में साफ-सफाई की कमी पाई जाने पर उन्होंने जेल प्रशासन को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत रसोईघर से हुई। मरियम हेमरोम ने भोजन बनने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने खाद्यान्न भंडारण की जांच की। उन्होंने बर्तनों की स्थिति देखी। उन्होंने रोटी के लिए गूंथे जा रहे आटे की गुणवत्ता भी परखी। निरीक्षण में रसोईघर में कई स्तर पर स्वच्छता मानकों का पालन नहीं होने की बात सामने आई। खाना बनाने वाले कर्मी एप्रोन नहीं पहने थे। तैयार रोटियां रखने की जगह भी पर्याप्त साफ नहीं मिली। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने और रखने के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। सचिव ने निर्देश दिया कि रसोई कर्मी साफ एप्रोन पहनें। भोजन रखने की जगह नियमित रूप से साफ की जाए। रसोईघर के फर्श की बेहतर तरीके से सफाई हो। उन्होंने कहा कि बंदियों को तय मानकों के अनुसार स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर मिलना चाहिए। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं होना चाहिए। इसके बाद मरियम हेमरोम ने बैरकों का भ्रमण किया। उन्होंने बंदियों से बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली। बंदियों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को डालसा के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता मिलती है।
मंडल कारा के निरीक्षण में साफ-सफाई में कमी
