
Jamui News: बिहार के जमुई जिले के मड़वा गांव में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार खौफ, मानसिक पीड़ा और गहरे सदमे के साये में जीने को मजबूर है. इस संवेदनशील मामले की जमीनी हकीकत जानने और पीड़ित परिवार को हिम्मत बंधाने के लिए बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की एक विशेष जांच टीम जमुई पहुंची. करीब दो घंटे तक पीड़ित परिवार के साथ वक्त बिताने के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुमारी सोनी ने जो बातें साझा की हैं, वे न केवल परिजनों के दर्द को बयां करती हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर फैल रही अफवाहों का सच भी सामने लाती हैं.
वायरल वीडियो का कड़वा सच: मामी बोलीं- 'मनचलों ने जबरन खींचकर फाड़ दी थी जैकेट'
जमुई कांड के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें दिख रहे कपड़ों को लेकर लोग तरह-तरह के अनुचित कमेंट्स कर रहे थे. लेकिन जब महिला कांग्रेस की टीम पीड़िता के घर पहुंची, तो इस वायरल वीडियो का सबसे कड़वा सच सामने आया. पीड़िता की मामी ने स्पष्ट किया कि बेटी ने वैसा कपड़ा नहीं पहना हुआ था जैसा वीडियो में समझकर कमेंट्स किए जा रहे हैं. दरअसल, छात्रा ने ऊपर से एक जैकेट पहन रखी थी, जिसे बदसलूकी और हाथापाई के दौरान मनचलों ने जबरन खींचकर पूरी तरह फाड़ दिया था.
घर में कैद सहमा परिवार, करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद खुला दरवाजा
घटना के बाद से पीड़ित परिवार किस कदर डर और दंश के दौर से गुजर रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने की स्थिति में नहीं हैं. राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर जमुई पहुंचीं कुमारी सोनी ने बताया कि जब वे मड़वा गांव स्थित पीड़िता के घर पहुंचीं, तो शुरुआत में परिजन बेहद डरे हुए थे. काफी देर तक बातचीत करने और भरोसा कायम होने के बाद ही पीड़िता के मामा ने घर का दरवाजा खोला. इसके बाद कुमारी सोनी ने करीब दो घंटे तक परिजनों के बीच रहकर उन्हें सांत्वना दी.
'शरीर पर चोट के निशान', पिता बोले- अब पूरे परिवार की सुरक्षा का लग रहा डर
पीड़िता से मुलाकात के बाद कुमारी सोनी ने बताया कि बच्ची बेहद बहादुर है, लेकिन दरिंदगी के दौरान उसके शरीर पर आए जख्मों के निशान अब भी मौजूद हैं. पीड़िता के पिता मीडिया के सामने आने से बच रहे हैं और गहरे सदमे में हैं. परिजनों ने कहा कि किसी भी परिवार में बेटियों के प्रति गहरी संवेदना होती है और इस दर्दनाक वाकये के बाद पूरा परिवार बिखर चुका है. पिता ने अपना डर बयां करते हुए कहा कि उन्हें इस बात से ज्यादा अब पूरे परिवार की रक्षा और सुरक्षा का डर सता रहा है कि आरोपी उनके साथ आगे क्या करेंगे.
Jamui News: एडीएम को सौंपा मांग पत्र, 15 दिनों के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा की मांग
इस दौरे के बाद महिला कांग्रेस की टीम ने जमुई के अपर समाहर्ता (एडीएम) से मुलाकात कर बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा एक मांग पत्र सौंपा. कुमारी सोनी ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट मांग रखी कि घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जाए. साथ ही 15 दिनों के भीतर फास्ट ट्रैक कोर्ट चलाकर दोषियों को सुसंगत धाराओं के तहत कठोरतम सजा दी जाए. उन्होंने यह भी मांग की कि पुलिस-प्रशासन द्वारा अपराधियों पर की जा रही हर कानूनी कार्रवाई की सीधी जानकारी पीड़ित माता-पिता को दी जाए, ताकि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें.
Also Read: 'मैथिली ठाकुर विधायक हैं, इसलिए रात में घूम सकती हैं', प्रशांत किशोर ने जमुई कांड पर किया रिएक्ट
The post 'मनचलों ने फाड़ी थी जैकेट', पीड़ित परिवार से मिलीं कुमारी सोनी, 15 दिनों में फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग appeared first on Prabhat Khabar.
