Monday, April 20, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

महाशिवरात्रि पर बासुकिनाथ में आस्था का सैलाब: 300 रुपये में 'शीघ्र दर्शन', चप्पे-चप्पे पर पुलिस होगी मौजूद

महाशिवरात्रि पर बासुकिनाथ में आस्था का सैलाब: 300 रुपये में 'शीघ्र दर्शन', चप्पे-चप्पे पर पुलिस होगी मौजूद

Dumka Basukinath Mandir, दुमका (आदित्य पत्रलेख): महाशिवरात्रि को लेकर दुमका के बासुकिनाथ मंदिर प्रशासनिक सभागार में गुरुवार की शाम उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार की अध्यक्षता में अब तक हुई तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद डीसी और एसपी ने मेला क्षेत्र, शिवगंगा, क्यू कॉम्पलेक्स, संस्कार मंडप और मंदिर परिसर का घूम-घूमकर जायजा लिया. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

मंदिर गर्भगृह गेट पर अरघा लगाने का निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकिनाथ पहुंचते हैं. ऐसे में भक्तों को बेहतर और सुगम जलार्पण कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया. भीड़ की स्थिति को देखते हुए मंदिर गर्भगृह गेट पर अरघा लगाने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से चिन्हित स्थानों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया.

बाबा फौजदारीनाथ का विवाह भव्य रूप से होगा संपन्न

डीसी ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बाबा फौजदारीनाथ का विवाह परंपरागत तरीके से भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा. विवाहोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही निर्देश दिया गया कि सभी स्थलों पर समुचित रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

Also Read: वाहन चोर गिरोह के आधा दर्जन चोर हजारीबाग में गिरफ्तार, एक स्कॉर्पियो जब्त

सीसीटीवी से होगी निगरानी

मंदिर, शिवगंगा, मेला क्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी रखी जाएगी. विद्युत विभाग को साज-सज्जा एवं रोशनी का कार्य बेहतर ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया. शिव बारात निकलने वाले मार्ग से सभी बिजली तारों को सुव्यवस्थित करने और बारात के समय विद्युत कनेक्शन काटने का आदेश दिया गया. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को शिवगंगा की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

स्वास्थ्य टीम व अग्निशमन वाहन रहेंगे एक्टिव

महाशिवरात्रि के अवसर पर चार मेडिकल टीम आवश्यक दवाओं के साथ तैनात रहेंगी. सिंह द्वार, मंदिर प्रांगण और क्यू कॉम्पलेक्स में स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती होगी. डीसी ने अग्निशमन वाहन को एक्टिव मोड में रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रहे.

बारात मार्ग रहेगा अतिक्रमण मुक्त

डीसी ने निर्देश दिया कि 15 फरवरी को निकलने वाली शिव बारात को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं. बारात जाने वाले मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा. पार्किंग स्थलों पर आवश्यक साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो.

शीघ्र दर्शन की व्यवस्था

महाशिवरात्रि के दिन सुबह पांच बजे से शीघ्र दर्शनम की व्यवस्था रहेगी. श्रद्धालु मंदिर कार्यालय से 300 रुपये की रसीद प्राप्त कर वीआईपी गेट से गर्भगृह में सुगमता से दर्शन-पूजन कर सकेंगे. नगर पंचायत को मंदिर व मेला क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पुख्ता

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर और मेला क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा. नंदी चौक पर ही वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा और मंदिर के आसपास वाहन वर्जित रहेगा. मेला क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी.

बैठक में कौन कौन से लोग उपस्थित थे

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस, एसडीओ कौशल कुमार, एसडीपीओ अमित कुमार कच्छप, मंदिर प्रभारी सह बीडीओ कुंदन भगत, सीओ संजय कुमार, भवन निर्माण विभाग व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, नगर पंचायत प्रशासक, पुलिस निरीक्षक सहित मंदिर न्यास पर्षद के सदस्य और पंडा समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे. सभी से महाशिवरात्रि के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की गयी.

Also Read: माया नगरी में छऊ का जादू: मुंबई के NCPA में सरायकेला के कलाकार बिखेरेंगे जलवा

The post महाशिवरात्रि पर बासुकिनाथ में आस्था का सैलाब: 300 रुपये में 'शीघ्र दर्शन', चप्पे-चप्पे पर पुलिस होगी मौजूद appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles