![]()
जमुई में झाझा थाना क्षेत्र में पदस्थापित महिला सब-इंस्पेक्टर (एसआई) कविता माटे का ग्रामीणों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लगभग नौ सेकंड के इस वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। महिला दारोगा ने वीडियो को एडिटेड बताते हुए आरोपों को निराधार बताया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार देर शाम की है। एसआई कविता माटे पुलिस बल के साथ झाझा थाना क्षेत्र के अलकजरा गांव में एक मामले की जांच और नोटिस तामील कराने के लिए ओंकार यादव के घर पहुंची थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि घर पहुंचते ही महिला दारोगा ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। “गाली मत दीजिए, वीडियो रिकॉर्ड हो रहा है”
ग्रामीणों के मुताबिक, जब एसआई वापस लौटने लगीं, तो उन्होंने उनसे पूछा कि वह किस मामले में आई थीं। आरोप है कि इसी बात पर दारोगा नाराज हो गईं और ग्रामीणों के साथ भी गाली-गलौज करने लगीं। ग्रामीणों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में ग्रामीण महिला दारोगा से कहते सुनाई दे रहे हैं कि “गाली मत दीजिए, वीडियो रिकॉर्ड हो रहा है।” ग्रामीणों ने बताया कि अगले दिन रविवार को महिला दारोगा फिर ओंकार यादव के घर पहुंचीं और संबंधित मामले में जमानत की बात कही। इस दौरान जब ग्रामीणों ने पिछली रात की घटना का जिक्र किया, तो दारोगा ने खुद ग्रामीणों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और कहा कि उन्होंने किसी को गाली नहीं दी। शरारती तत्वों द्वारा वीडियो वायरल किया गया एसआई कविता माटे ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि जिस वीडियो के आधार पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह एडिटेड है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने किसी को गाली नहीं दी। उन्होंने यह भी बताया कि नोटिस देने के दौरान एक पक्ष के लोगों ने उनके और पुलिस जवानों के साथ भी अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की थी। दारोगा ने कहा कि जिस घर में पुलिस गई थी, वहां सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसकी जांच कर सच्चाई सामने लाई जा सकती है। ग्रामीण महिला ललिता देवी ने आरोप लगाया कि महिला दारोगा ने घर और सड़क दोनों जगह गंदी-गंदी गालियां दीं। ग्रामीण विनोद यादव ने कहा कि उन्होंने सिर्फ मामले की जानकारी पूछी थी, लेकिन दारोगा गाली देते हुए वहां से चली गईं। उन्होंने दावा किया कि उस समय मौके पर एक दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे। इधर झाझा थाना अध्यक्ष मिंटू सिंह ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा वीडियो वायरल किया गया है। उनके अनुसार पुलिस कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया था। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

