![]()
भोजपुर में मारपीट में घायल किसान की मौत हो गई। इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रामईश्वर चौधरी(49) के तौर पर हुई है। घटना पीरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला गांव की है। मृतक के बेटे गुड्डू कुमार ने बताया कि पाटीदार और गांव के लोगों से जमीन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। हमारी जमीन को जबरन अपना बता रहे हैं। इसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था। हालांकि उस समय मामला खत्म हो चुका था। मंगलवार दोपहर पिताजी के साथ दरवाजे पर बैठा था। मेरे पाटीदार गांव के 10-12 लोगों के साथ घर पर आ धमके। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारकर घायल कर दिया। आनन-फानन में इलाज के लिए पीरो पीएचसी लेकर गया। जहां से आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया था। घर में मचा कोहराम गुड्डू कुमार ने अपने चचेरे भाइयों और गांव के कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के परिवार में पत्नी रीता देवी, चार पुत्र गुड्डू कुमार, भूटी राय, महाराज कुमार, छोटू कुमार और एक पुत्री मीरा कुमारी है। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

