Sunday, April 26, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

मिहिजाम में टेंट हाउस गोदाम हुआ खाक:गद्दे, सोफा, पंखे समेत पूरा सामान जला, लोगों ने खुद बुझाई आग, देर से पहुंचा दमकल


जामताड़ा जिले के मिहिजाम के वार्ड संख्या-8 स्थित न्यू कॉलोनी (पोखरतल्ला) इलाके में रविवार तड़के एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब मोहम्मद अख्तर के घर परिसर में संचालित गोदाम की खिड़की से धुआं उठता देखा गया। धुआं उठते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई। समय रहते लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, वरना आसपास के घरों को भी खतरा हो सकता था। गद्दे, सोफा, पंखे समेत पूरा सामान खाक आगजनी की इस घटना में टेंट हाउस में इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इनमें गद्दे, पोशाक, तकिए, सोफा, बेडशीट और बिजली के पंखे सहित अन्य सामग्री शामिल है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आग में करीब तीन से चार लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे नियंत्रित कर लिया गया। घटना के समय टेंट हाउस मालिक मोहम्मद अख्तर अपने परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। ग्रामीणों के जगाने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली। दमकल के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी घटना की सूचना मिहिजाम पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि मिहिजाम शहर में स्थायी दमकल वाहन की सुविधा नहीं होने के कारण ऐसी आपात स्थितियों में राहत कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द अग्निशमन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles