![]()
मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक 12 साल का किशोर गोली लगने से घायल हो गया। वह चिकदह पुलिया के पास खेल रहा था। दो ग्रामीणों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी हुई थी, जिसकी चपेट में किशोर आ गया। गोली उसके बाएं पैर में लगी और आर-पार निकल गई। घायल किशोर को उसके परिवार वालों ने मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल और कोतवाली थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल किशोर से घटना के बारे में पूछताछ की। बाएं पैर में घुटने के पास से आर-पार निकल गई पुलिस ने किशोर के दादा पुलिस सिंह के बयान के आधार पर कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल किशोर की पहचान लक्ष्मीपुर गैंडा पहाड़ निवासी गंगा कुमार सिंह के बेटे श्रवण कुमार के रूप में हुई है। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टर रोशन कुमार ने बताया कि गोली किशोर के बाएं पैर में घुटने के पास से आर-पार निकल गई है। इससे पैर में चोट आई है और उसका इलाज चल रहा है। सत्यानंद को निशाना बनाकर चला रहे थे गोली घायल किशोर के बाबा पुलिस सिंह ने बताया कि लक्ष्मीपुर गैंडा पहाड़ निवासी संजय सिंह और सत्यानंद सिंह के बीच करीब एक वर्ष से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व के एक मामले में सत्यानंद सिंह जेल गया था। सोमवार को जेल से बाहर निकलकर वह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान संजय सिंह ने उसे निशाना बनाकर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सत्यानंद किसी तरह बच गया। बाबा के अनुसार, मंगलवार शाम सत्यानंद सिंह घर से निकलकर बाहर की ओर जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद संजय सिंह ने उसका पीछा किया और उस पर करीब तीन राउंड गोली चलाई। इसी दौरान वहां दोस्तों के साथ खेल रहा श्रवण कुमार गोली की चपेट में आ गया। पैर में गोली लगते ही किशोर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे ने कहा- गोली चलने की आवाज सुनकर भागने लगा था घायल श्रवण कुमार ने बताया कि वह गांव के बाहर अन्य दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि संजय सिंह गोली चलाते हुए दौड़ रहे थे और उनके आगे सत्यानंद सिंह भाग रहे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर सभी बच्चे भागने लगे। इसी दौरान उसके पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। पिस्टल, 24 जिंदा कारतूस और 3 खोखे बरामद मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गोली लगने से किशोर मामूली रूप से घायल हुआ है। घायल किशोर और उसके बाबा के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गोली चलाने में प्रयुक्त पिस्टल, 24 जिंदा कारतूस और घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुंगेर में पुरानी रंजिश में चली गोली, किशोर घायल:पैर के आर-पार हुई गोली, दूसरे को मारने की नीयत से चलाई थी
