![]()
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कार सवार अज्ञात बदमाशों ने एक पान दुकानदार को गोली मार दी। गंभीर हालत में इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी राजेश साह अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार उनकी दुकान के पास आकर रुकी। कार से उतरे बदमाशों ने हथियार तान दिए और इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, उन पर गोली चला दी। गोली सीधे राजेश साह के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार अपराधी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राजेश साह को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को चिंताजनक पाया। पेट में गोली लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम जानकारी मिलते ही मोतीपुर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मामले में पूछे जाने पर डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि देर रात कार सवार बदमाशों ने दुकानदार को गोली मारी है। पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अपराधियों के भागने के रूट और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। ताकि बदमाशों की कार का नंबर और उनकी पहचान उजागर हो सके। डीएसपी ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

