Tuesday, August 4, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मुजफ्फरपुर में फंदे से लटका मिला युवक का शव:पत्नी काम पर गई थी, लौटी तो बंद मिला कमरा; बोली- एक दिन पहले पड़ोसी से हुआ था विवाद


मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित मालीघाट चुना भट्टी रोड में सोमवार को एक किराए के मकान से 38 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर भूसरा पंचायत अंतर्गत पटसामा गांव निवासी ललन ठाकुर (38) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, ललन ठाकुर पिछले करीब पांच महीने से परिवार के साथ मालीघाट स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार दोपहर उनका शव कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को बाहर निकलवाया। पत्नी काम पर गई थी, लौटी तो बंद मिला कमरा मृतक की पत्नी अलका कुमारी ने बताया कि उनके पति की करीब एक माह पहले आंख का ऑपरेशन हुआ था। उन्होंने बताया कि पति शराब पीने के आदी थे, जिसके कारण घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। पत्नी के अनुसार, रविवार शाम उनका पड़ोस में रहने वाले एक किराएदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस घटना के बाद वह काफी परेशान और नाराज थे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह वह अपने बच्चे के साथ काम पर चली गई थीं। दोपहर में घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो ललन ठाकुर का शव पंखे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जुट गई। एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण मामले में मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मालीघाट चुना भट्टी रोड स्थित एक किराए के मकान में व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला है। घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जिसने साक्ष्य संकलित किए हैं। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles