![]()
मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित एशियन स्कूल में एक शिक्षिका के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। शिक्षिका ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। छुट्टी मांगने पर सैलरी रोक दी गई पीड़ित शिक्षिका की पहचान अंकिता कुमारी के रूप में हुई है। अंकिता ने बताया कि विवाद उनकी बी.एड इंटर्नशिप के लिए मांगी गई छुट्टी को लेकर शुरू हुआ। वह लंबे समय से स्कूल में काम कर रही थीं। जब उन्होंने इंटर्नशिप के लिए अवकाश मांगा, तो स्कूल प्रबंधन का रवैया बदल गया। सभी स्टाफ को समय पर वेतन दिया गया, लेकिन उनकी सैलरी रोक दी गई। जब वह अपने बकाया वेतन के बारे में पूछताछ करने स्कूल पहुंचीं, तो प्रबंधन ने उनसे सीधे बात करने से इनकार कर दिया। उन पर एक महीना और काम करने का दबाव बनाया गया। कहा गया कि इसके बाद ही उन्हें बकाया पैसा दिया जाएगा और फिर उन्हें इस्तीफा देना होगा। मारपीट और धक्का-मुक्की की गई अंकिता ने आगे बतायाकि इस शर्त पर आपत्ति जताई और अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका व्यक्त की, तो स्थिति और बिगड़ गई। घटना वाले दिन बकाया 15 हजार रुपए की मांग करने दोबारा एशियन स्कूल पहुंची थीं। वहां मौजूद एक पुरुष शिक्षक और एक महिला परिचारिका ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा गया और गलत तरीके से छेड़छाड़ भी की गई। जबरन स्कूल के गेट से बाहर धकेल दिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों को किया खारिज दूसरी ओर, एशियन स्कूल प्रबंधन ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्कूल प्रशासन का कहना है आरोप बेबुनियाद है।घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। स्कूल के अनुशासन को बनाए रखने के लिए कदम उठाए गए थे और मारपीट जैसी कोई बात नहीं हुई है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस घटना के तुरंत बाद लहूलुहान और डरी-सहमी शिक्षिका ब्रह्मपुरा थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

