![]()
मोतिहारी के सुगौली प्रखंड की फुलवरिया पंचायत के दो युवकों की झारखंड में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। कोयला लादकर बिहार लौट रहा था ट्रक जानकारी के अनुसार, फुलवरिया पंचायत के वार्ड संख्या-11 निवासी मुख्तार साह का बेटा अरविंद साह ट्रक चालक था। वह झारखंड से कोयला लादकर बिहार लौट रहा था। ट्रक में उसके साथ खलासी असर हुसैन भी मौजूद था। इसी दौरान झारखंड के हजारीबाग के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक अरविंद साह और खलासी असर हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव पहुंचते ही मची चीख-पुकार, पत्नी बार-बार हुई बेहोश पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव फुलवरिया पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जुट गए। शव देखते ही परिजन रोने लगे। अरविंद साह की शादी महज सात महीने पहले हुई थी। पति का शव देखकर उसकी पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी। पिता और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। बाद में ट्रक मालिक की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता का भरोसा दिए जाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ अंतिम संस्कार दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार अलग-अलग रीति-रिवाज से किया गया। अरविंद साह का अंतिम संस्कार हिंदू रीति से हुआ। वहीं, असर हुसैन मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था, लेकिन लंबे समय से फुलवरिया में रह रहा था। स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने जनाजा निकालकर उसे सुपुर्द-ए-खाक किया। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को दी सांत्वना हादसे के बाद पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने वालों का आना-जाना लगा रहा। मुखिया अवधेश कुशवाहा, सरपंच रूपेश श्रीवास्तव, बिंदेश्वरी महतो, रामाधार साह, मनोज महतो, यासीन मियां, अमन कुमार और भुलन साह समेत कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दुखी परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। हादसे के बाद पूरे फुलवरिया गांव में शोक का माहौल है।
मोतिहारी के 2 युवकों की झारखंड में मौत:कोयला लदा ट्रक पलटा; 7 महीने पहले हुई थी अरविंद की शादी, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
