![]()
मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो गांवों छपरा बहास और सपहां के बीच पुरानी रंजिश को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया। पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जानकारी के अनुसार, छपरा बहास गांव निवासी तमन्ना नामक युवक को सपहां गांव में कुछ लोगों ने घेरकर मारपीट की। इस घटना में वह घायल हो गया। जब तमन्ना अपने गांव लौटा और लोगों को घटना की जानकारी दी, तो दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस को सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार गश्त भी की जा रही है। पुलिस की मौजूदगी से फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामला दो परिवारों के बीच की पुरानी रंजिश से जुड़ा सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि यह मामला दो परिवारों के बीच की पुरानी रंजिश से जुड़ा है, जिसके कारण मारपीट हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति शांत कराई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

