![]()
मोतिहारी में गुरुवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मीना बाजार चौक पर सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने उनके इस्तीफे की मांग की। केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शन के दौरान महागठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारे लगाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर वोटों की चोरी की जा रही है। राजेश कुशवाहा बोले- लोकतंत्र खतरे में पूर्वी चंपारण के महागठबंधन के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजेश कुशवाहा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत सुनियोजित तरीके से वोट चोरी की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। मांग नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शन में कांग्रेस, राजद और वाम दलों समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में सुधार नहीं किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा नहीं दिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मोतिहारी-CEC के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, फूंका पुतला:मीना बाजार चौक पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, SIR के नाम पर वोट चोरी का आरोप
