![]()
मुंगेर के बरियारपुर रेलवे स्टेशन के पास मोबाइल के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में तीन युवक एक युवक को लात-घूंसों और बेल्ट से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पीड़ित की ओर से अब तक थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मोबाइल के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बरियारपुर पंचमुखी बजरंगबली स्थान निवासी गुलशन कुमार का कुछ युवकों से मोबाइल के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने गुलशन की लात-घूंसों और बेल्ट से पिटाई कर दी। इस दौरान मारपीट का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने की कार्रवाई मारपीट का वीडियो बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार के संज्ञान में आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष ने पीड़ित से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद वीडियो में मारपीट करते दिख रहे तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। लिखित शिकायत का इंतजार, वीडियो की जांच जारी पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिलने के कारण पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि मारपीट का वीडियो प्राप्त हुआ है। उसकी जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। 5 साल पहले भी वायरल हुआ था मारपीट का वीडियो बरियारपुर में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का यह पहला मामला नहीं है। करीब पांच साल पहले भी ऐसी घटना का वीडियो वायरल हुआ था। ताजा मामले में पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
मोबाइल विवाद में युवक की लात-घूंसों से पिटाई, VIDEO:बरियारपुर रेलवे स्टेशन के पास की घटना, 3 हिरासत में; पुलिस कर रही पूछताछ
