![]()
लातेहार जिले के बालूमाथ वन क्षेत्र अंतर्गत मारंगलोइया पंचायत के विशुनपुर जंगल में बुधवार शाम एक जंगली हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही बालूमाथ रेंजर नंद कुमार राम के निर्देश पर वनपाल आनंद शंकर के नेतृत्व में टीम गठित कर घटनास्थल पर पहुंची। वनपाल ने हाथी का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को मेडिकल टीम से शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। एक सप्ताह पहले मौत होने का अनुमान जंगल में मिले हाथी के शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत एक सप्ताह पहले हुई होगी। शव सड़-गल चुका है, जबकि हाथी का दांत सुरक्षित दिखाई दे रहा है। डेढ़ माह में हाथी की मौत का दूसरा मामला बालूमाथ वन क्षेत्र में हाथी की मौत का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 7 नवंबर को कोमर गांव के कुशी टोला में बिजली का करंट लगने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई थी। उस मामले में नामजद आरोपी बीफा उरांव अब तक फरार बताया जा रहा है। पहले मामले की जांच और कार्रवाई के बीच विशुनपुर जंगल में दूसरे हाथी का शव मिलने से वन क्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब वन विभाग की जांच से पता चलेगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
लातेहार के विशुनपुर जंगल में हाथी का शव मिला:मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार; डेढ़ माह में दूसरा मामला
