![]()
पटना के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में गुरुवार को भारी बारिश में भी दोपहर से ही युवाओं की भीड़ जुटने लगी थी। मैदान में कहीं DJ की तेज धुन सुनाई दे रही थी तो कहीं युवा अपने दोस्तों के साथ सेल्फी और वीडियो बना रहे थे। इसी माहौल के बीच LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जींस-टीशर्ट में युवाओं के बीच पहुंचे। चिराग की एंट्री के बाद युवाओं में खासा उत्साह दिखा। कोई उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था तो कोई मंच के सामने खड़े होकर नारे लगाता नजर आया। पार्टी की ओर से आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम का मकसद जेन-जी को सीधे पार्टी से जोड़ना था, लेकिन मैदान में युवाओं की बातचीत सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रही। युवा के पास रोजगार, पेपर लीक, परीक्षा में देरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और खेल सुविधाओं से जुड़े कई सवाल थे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं से हमने बात की। पढ़िए भास्कर की यह रिपोर्ट… पहले देखिए ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम की 2 तस्वीर… मौजूदा सरकार से युवाओं को नहीं है उम्मीद दैनिक भास्कर ने जब युवाओं से बात की तो एक बात बार-बार सामने आई। युवाओं को ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिसमें परीक्षा समय पर हो, पेपर लीक न हो, रिजल्ट समय पर आए और नौकरी मिलने में सालों का इंतजार न करना पड़े। कुछ युवाओं ने कहा कि उन्हें मौजूदा सरकार से उम्मीद नहीं है और वे चिराग पासवान से अपनी बात कहने आए हैं। हालांकि, युवाओं के बीच सबसे प्रमुख मुद्दा रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता का रहा। चिराग को मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं युवा कार्यक्रम के दौरान युवाओं के बीच से चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी। कुछ युवाओं ने खुले तौर पर कहा कि वे भविष्य में चिराग को मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। वहीं, कई युवाओं ने यह भी कहा कि उन्हें किसी पार्टी से नहीं, बल्कि उस नेतृत्व से उम्मीद है जो रोजगार, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था जैसी उनकी समस्याओं का समाधान करे। सरकार से नहीं, चिराग भैया से उम्मीद – विशाल भारती विशाल भारती ने कहा, ‘हम यहां चिराग भैया से सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि BPSC या बिहार में कोई भी परीक्षा हो, उसमें जो धांधली चल रही है, उसको रोका जाए। सभी परीक्षाओं में ट्रांसपेरेंसी लाया जाए। छात्रों की भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया जा रहा है उसको रोका जाए।’ युवाओं ने कहा- सरकार बात नहीं सुनती, चिराग से उम्मीद कार्तिक कुमार ने कहा, ‘हम चिराग पासवान के समर्थन में आए हैं, सरकार के समर्थन में नहीं। सरकार हमारी बात ही नहीं सुनती है। समय-समय पर पेपर लीक होता है। नीट हो या बीपीएससी हो, चाहे कोई भी परीक्षा हो, उसमें पारदर्शिता रहनी चाहिए। चिराग पासवान कम से कम बच्चों के लिए कुछ सोच रहे हैं। हमें उनसे काफी उम्मीद है। इसलिए हम यहां आए हैं।’ रोहित कुमार ने कहा, ‘हमको इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। हमारा मेन मुद्दा एजुकेशन है। पेपर लीक की बड़ी समस्या हैं। हम चाहते हैं कि परीक्षाएं सही से हो और पेपरलीक ना हो।’ ‘विज्ञापन आता है तो परीक्षा और रिजल्ट में सालों लग जाते हैं – देवानंद देवानंद कुमार ने कहा, ‘बिहार में पहली बार इस तरीके का कार्यक्रम हो रहा है, जिसमें युवाओं को बोलने का मौका दिया जा रहा है। युवा अपने मुद्दों को डायरेक्ट पॉलीटिकल पार्टी से कह पा रहे हैं। बच्चे कई सारे परीक्षाएं देते हैं, लेकिन टाइम पर एडवर्टाइजमेंट नहीं आता है। अगर एडवर्टाइजमेंट आ भी गया तो पंचवर्षीय योजना लागू हो गया। फिर उस परीक्षा में देरी होती है।’ देवानंद ने आगे कहा, कोई भी बच्चा किसी पॉलिटिकल पार्टी का नहीं होता है। उन्हें जहां पर सॉल्यूशन मिलेगा, जो उन्हें रोजगार जो देगा और जो पार्टी बच्चों के लिए कम करेगा, वही सरकार बच्चों को चाहिए। बच्चों के हित में जो काम करें वही सर्वोत्तम पार्टी है।’ रोजगार, स्वास्थ्य, पलायन और पेपर लीक मुख्य मुद्दा रवि किशन पासवान ने कहा, चिराग पासवान के कार्यक्रम को हम सभी युवा मिलकर सफल बनाने के लिए आए हैं। आज हम चिराग पासवान से चार मुद्दों पर बात करेंगे। पहला रोजगार, दूसरा स्वास्थ्य, तीसरा पलायन और चौथा पेपरलीक।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमें उम्मीद है कि चिराग पासवान पेपर लीक रोकने का काम करेंगे। चिराग पासवान सत्ता में रहते हुए भी गलत का सपोर्ट नहीं करते हैं। कोई भी गलत करता है तो उसके खिलाफ खुलकर बोलते हैं।’ नीतीश का चेहरा देखकर दिए वोट, लेकिन सम्राट चौधरी आ गए कई युवाओं का कहना है कि कहीं ना कहीं हम युवाओं के साथ गलत हो रहा है और उसी का सामना करने हम आए हैं। हम चाहते हैं कि इस सरकार को जल्द से जल्द बदलने का प्रयास किया जाए। हम भविष्य में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं और बहुत जल्द यह सपना पूरा होगा। सिर्फ चिराग नहीं, सभी नेता छात्रों की बात सुनें – अमन कुमार अमन कुमार ने कहा कि बिहार में जो भी परीक्षा हो वह समय से हो। बहाली को बढ़ा कर दे। सिर्फ एक चिराग पासवान के स्टूडेंट पर ध्यान देने से कुछ नहीं होगा सभी नेता को स्टूडेंट पर ध्यान देना चाहिए और उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए। खिलाड़ियों ने कहा- बिहार में ही मिले खेलने का मौका उदय कुमार तिवारी ने कहा कि चिराग पासवान बिहार के लिए और बिहारियों के लिए बहुत ही अच्छा सोचते हैं। युवाओं के लिए बहुत अच्छा विचार रखते हैं। मैं स्पोर्ट्स बैकग्राउंड से हूं और चिराग पासवान से यह सवाल करना चाहता हूं कि हमारे बिहार के खिलाड़ियों को खेल के लिए सुविधा मुहैया नहीं कराया जाता है। उदय कुमार तिवारी ने कहा, ‘बिहार के खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है। बिहार के खिलाड़ियों को अगर खेल की सुविधा बिहार में ही मिले तो वह बहुत बेहतर करेंगे। मैं कुश्ती का नेशनल प्लेयर रहा हूं और मुझे यह उम्मीद है कि चिराग पासवान खिलाड़ियों के लिए बेहतर करेंगे।’
‘यूथ बोले तो’ में चिराग का जेन-जी कनेक्ट:बारिश के बीच जींस-टीशर्ट वाली एंट्री, चिराग CM बनाने की मांग; युवा बोले- पेपरलीक रुके, रोजगार मिले
