Thursday, June 11, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

रांची टाइटंस ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स को 5 रन से हराया


ऋत्विक के छह विकेट भी नहीं बचा सके रॉयल्स को, आखिरी ओवर तक रोमांच जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को झारखंड टी-20 लीग का आगाज हुआ। पहले दिन दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले में रांची टाइटंस ने छोटानागपुर रॉयल्स को 5 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में रॉयल्स की टीम 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन ही बना सकी। जबकि दूसरा मुकाबला संथान सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। करीब 10 हजार दर्शकों ने भारी बारिश के बाद भी मैच का भरपुर आनंद लिया। गेंदबाजों ने दिलाई जीत : रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू ने तीन विकेट लेकर मध्यक्रम को झटका दिया। राजनदीप सिंह और युवराज कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं सौरभ शेखर और जतिन कुमार पांडेय ने एक-एक सफलता अर्जित की। रॉयल्स के विराट सिंह की कप्तानी पारी बेकार 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स को शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन कप्तान विराट सिंह ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। विराट ने 24 गेंदों पर 44 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे। एमडी नाजिम सिद्दीकी ने 21 रन का योगदान दिया। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने रॉयल्स की उम्मीदों को जीवित रखा। विराट के आउट होने के बाद रॉयल्स की पारी लड़खड़ा गई। मोहित कुमार (14), चंदन कुमार मुखी (10) और पंकज यादव (6) बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि निचले क्रम में ऋत्विक एम. पाठक ने 10 गेंदों पर नाबाद 16 रन और सोनू कुमार सिंह ने 9 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर आखिरी क्षणों तक संघर्ष किया। अंतिम ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 20 ओवर में 150/9 के स्कोर पर रुक गई। अंतिम ओवर तक छोटानागपुर का जीत के लिए संघर्ष, टाइटंस की जीत से शुरूआत पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची टाइटंस ने 19.5 ओवर में 155 रन बनाए। टीम को तेज शुरुआत शिखर मोहन ने दिलाई। मात्र 12 गेंदों पर 23 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे। हालांकि शुरुआती झटकों के बाद सत्य सेतु (25 रन), राजनदीप सिंह (40 रन) और युवराज कुमार (38 रन) ने जिम्मेदारी संभाली। राजनदीप ने 23 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया, जबकि युवराज ने 23 गेंदों की अपनी पारी में चार छक्के जड़े। छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से ऋत्विक एम पाठक ने मैच का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में केवल 17 रन देकर छह विकेट झटके। उन्होंने शिखर मोहन, आर्यन हुड्डा, आयुष भारद्वाज, जतिन कुमार पांडेय, प्रिंस अनुराग मुर्मू और युवराज कुमार को पवेलियन भेजा। सोनू कुमार सिंह ने दो विकेट, जबकि सुप्रियो चक्रवर्ती और चंदन कुमार मुखी ने एक-एक विकेट लिया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles