![]()
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-1239 में रविवार को सफर के दौरान एक यात्री को अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑपरेटिंग क्रू ने तत्परता दिखाई और तुरंत यात्री को ऑनबोर्ड ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। समय पर ऑक्सीजन मिलने से यात्री की हालत स्थिर हो गई। विमान के रांची लैंड करने के बाद जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर यात्री को सुरक्षित घर भेज दिया गया। शेड्यूल के मुताबिक, बेंगलुरु से सुबह 6:30 बजे उड़ान भरकर यह विमान सुबह करीब 8:35 बजे रांची पहुंचा था। रांची से इसे सुबह 9:35 बजे वापस बेंगलुरु के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान दोपहर 1:51 बजे (13:51 बजे) रवाना हो सका। दरअसल, यात्री को दी गई ऑक्सीजन के बाद विमान में इस्तेमाल हो चुकी ऑक्सीजन बोतल को बदलना अनिवार्य था। सुरक्षा मानकों के तहत दिल्ली से नई ऑक्सीजन बोतलें मंगाई गईं और उड़ान से जुड़ी सभी जरूरी तकनीकी व सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी की गईं। करीब पांच घंटे की इस देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा और वे नए समय को लेकर पूछताछ करते रहे। एयरलाइन प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उड़ान में यह देरी किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि यात्री की सुरक्षा और विमानन से जुड़े कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करने की वजह से हुई।
