Sunday, May 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

राजपुर पावर सब-स्टेशन में लगी भीषण आग, एक ट्रांसफाॅर्मर जला

राजपुर पावर सब-स्टेशन में लगी भीषण आग, एक ट्रांसफाॅर्मर जला

राजपुर.

प्रखंड स्थित विद्युत पावर सब-स्टेशन परिसर में रविवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी. जब शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गयी. इस अग्निकांड में सब-स्टेशन में लगे 10 एमबीए के एक बड़े ट्रांसफाॅर्मर उसका वीसीपी और अन्य कीमती उपकरण जलने से लाखों रुपये की क्षति हुई है. वहीं, पांच एमबीए का एक ट्रांसफाॅर्मर भी आग से हिट हो गया है. तेल की मौजूदगी के कारण आग ने इतना विकराल रूप ले लिया की इसकी लपटें और काला धुआं दूर से ही देखा जा सकता था. मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे सब-स्टेशन परिसर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ. ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन और ऑपरेटरों ने साहस दिखाते हुए उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ट्रांसफाॅर्मर के तेल ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते पूरा यार्ड आग की चपेट में आ गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गयी. सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए कुल तीन गाड़ियां युद्धस्तर पर जुटी रहीं जिनमें राजपुर से एक एमटी वाहन, बक्सर से एक वाटर टेंडर, चौसा पावर प्लांट से सीआइएसएफ की टीम वाटर टेंडर के साथ पहुंची. बक्सर के प्रधान अग्निक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में अग्निक रणधीर कुमार, कोमल कुमारी, दिलीप कुमार कामत और राजपुर थाना से प्रभात कुमार ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्णतः काबू पाया. घटना की जानकारी मिलते ही विधायक संतोष निराला, कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह, सहायक अभियंता कमल कुमार सिंह और कनीय अभियंता रौशन कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर के बगल में स्थित दूसरे ट्रांसफाॅर्मर से बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि युद्ध स्तर पर काम जारी है. शाम तक बिजली सप्लाई शुरू कर दी जायेगी. वहीं, जले हुए ट्रांसफाॅर्मर को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कर लिया जायेगा. विदित हो कि इससे पहले भी 13 दिसंबर 2025 को इसी सब-स्टेशन में भीषण आग लगी थी. महज कुछ महीनों के भीतर दोबारा हुई इस बड़ी घटना ने विभाग की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस हादसे से जहां विभाग को लाखों का वित्तीय नुकसान हुआ है, वहीं क्षेत्र के उपभोक्ताओं के सामने बिजली संकट गहराने की संभावना पैदा हो गयी है.

The post राजपुर पावर सब-स्टेशन में लगी भीषण आग, एक ट्रांसफाॅर्मर जला appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles