![]()
रामगढ़ जिले की चट्टू पालू घाटी में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में कोयले से भरा एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। वहीं, एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं में कुल 5 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। पहला हादसा सुबह हुआ, जब रांची से हजारीबाग जा रहा कोयले से भरा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे ट्रक का अगला पहिया निकल गया और सारा कोयला सड़क पर बिखर गया। इस घटना में ट्रक के ड्राइवर और खलासी को हल्की चोटें आईं। दूसरी लेन से गाड़ियों की आवाजाही शुरू कराई गई हादसे के बाद सड़क पर कोयला बिखरने से आवाजाही प्रभावित हुई। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कोयला हटाने का काम शुरू किया। जाम न लगे, इसके लिए एक लेन बंद करके दूसरी लेन से गाड़ियों की आवाजाही शुरू कराई गई। दूसरी घटना पहले हादसे वाली जगह से करीब 1 किलोमीटर दूर हुई। यहां एक बलेनो कार को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और भाग गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में तीन बैंक कर्मचारी सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। रेस्क्यू टीम ने क्षतिग्रस्त कार को खींचकर सड़क किनारे किया। रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रामगढ़ की चट्टू पालू घाटी में दो सड़क हादसे:कोयले से भरा ट्रक पलटा, कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; 5 लोग घायल

