मधुबनी के राजनगर में रामनवमी के अवसर पर एक भव्य जुलूस निकाला गया। यह जुलूस राजनगर पुस्तकालय प्रांगण से शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। जुलूस में गाजे-बाजे के साथ प्रदर्शन किया गया। रामनवमी का यह जुलूस पब्लिक पुस्तकालय से निकलकर चट्टीरोड अमलाटोली, गंज, चिचरी बुजुर्ग, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, भठ्ठी चौक, नरकटिया, चांदनी चौक, गांधी चौक और मिर्जापुर चौक तक गया। जुलूस के दौरान ‘जय श्री राम’ के जयकारों के साथ विभिन्न नारे लगाए गए। प्रदर्शन के बाद जुलूस का समापन भी पब्लिक पुस्तकालय प्रांगण में हुआ। रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही नगर के सभी मुहल्लों में भव्य तैयारियां की गई थीं। लोगों ने अपने घरों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों सहित सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कर उन्हें सुसज्जित किया था।