![]()
झारखंड में राष्ट्रीय आयुष मिशन के प्रभावी संचालन के लिए केंद्र सरकार ने 11 करोड़ 55 लाख 48 हजार रुपए की राशि आवंटित की है। स्वास्थ्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। केंद्र प्रायोजित यह योजना 60:40 के अनुपात पर संचालित होगी। इसमें 60% केंद्रांश व 40% राज्यांश है। राशि ‘एसएनए स्पर्श’ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इसी प्रणाली के जरिए राशि की निकासी और हस्तांतरण होगा। स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार फंड का इस्तेमाल केवल भारत सरकार से स्वीकृत योजनाओं और कार्यक्रमों में ही किया जा सकेगा। राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य से अलग किसी अन्य मद में नहीं किया जाएगा। राज्य में आयुष मिशन से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन में इस राशि का उपयोग होगा। फंडिंग व खर्च की शर्तें फंडिंग पैटर्न (60:40): योजना में 60% राशि केंद्र और 40% राशि राज्य सरकार वहन करेगी। सक्षम स्तर से मंजूरी जरूरी : राशि निकासी से पहले संबंधित योजनाओं व कार्यक्रमों के लिए सक्षम प्राधिकार की प्रशासनिक स्वीकृति अनिवार्य। उपयोगिता प्रमाण-पत्र जमा होने पर ही नई राशि की जा सकेगी खर्च राज्य स्तर पर ‘उप निदेशक (यूनानी)’ व जिला स्तर पर संबंधित ‘जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी’ को निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाया गया है। राशि की निकासी संबंधित कोषागार से की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सक्षम स्तर से योजना की स्वीकृति मिलने के बाद ही राशि खर्च की जा सकेगी। इसके साथ ही पूर्व में आवंटित राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। प्रमाण-पत्र जमा होने के बाद ही नई राशि खर्च की जाएगी।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के लिए 11.55 करोड़ रुपए आवंटित:‘एसएनए स्पर्श’ से आयुष मिशन की राशि की निकासी और हस्तांतरण

