![]()
शेखपुरा में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को एक प्रचार वाहन रवाना किया गया। जिला जज संतोष कुमार तिवारी ने जिला न्यायालय परिसर से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी नीरज किशोर, सतीश कुमार झा, रोहित कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुशील प्रसाद उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष चंद्रमौली यादव, महासचिव विनोद कुमार सिंह और अधिवक्ता राजेंद्र राज, जगदीश चौधरी, आतोष कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। आपसी सहमति के आधार पर होगा निपटारा जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी प्रकार के सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जा सकेगा। लोक अदालत में मामलों का निपटारा बिना किसी खर्च के और त्वरित तरीके से होता है, जिससे लोगों के बीच सौहार्द भी कायम रहता है और न्यायालयों पर काम का बोझ भी कम होता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित मामलों के अतिरिक्त बैंक ऋण, बिजली बिल और यातायात चालान जैसे मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। प्रचार वाहन का उद्देश्य इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह वाहन जिले के सभी क्षेत्रों का दौरा करेगा और इसमें ऑडियो-वीडियो के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के विधिक स्वयंसेवक लोगों को जागरूक करेंगे।
