![]()
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का दशकर्म आज रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में होगा। रविवार को संस्कार भोज का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की है। आम लोगों के वाहनों के लिए नेमरा से करीब पांच किलोमीटर पहले लुकैयाटांड़ में तीन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यहां से लोग टोटो और ऑटो से गांव पहुंच सकेंगे। इसके लिए 250 से 300 टोटो-ऑटो की व्यवस्था की गई है। मंत्री, विधायक और अन्य वीआईपी के वाहनों के लिए धुमकुड़िया और मोबाइल टावर के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र और हेलीपैड को भी घेर दिया गया है। हेलीपैड पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। 13 सुपर जोन में बंटा पैतृक गांव नेमरा संस्कार भोज और दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा की बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए 10 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही आईएएस और एसएएस अधिकारियों को दंडाधिकारी बनाया गया है। नेमरा में रविवार के संस्कार भोज से लेकर 19 अक्टूबर की सुबह तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। पूरे क्षेत्र को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में बांटा गया है। हर सुपर जोन की जिम्मेदारी एक आईपीएस अधिकारी को दी गई है। वहीं, सब-जोन की कमान डीएसपी स्तर के अधिकारियों के पास होगी। नेमरा में एटीएस की दो हिट टीमें, झारखंड जगुआर के पांच असाल्ट ग्रुप के 135 जवान और रैपिड एक्शन पुलिस की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा 60 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और एएसआई, 1365 लाठी बल तथा 140 ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी सुरक्षा संभालेंगे। दुर्गापूजा को लेकर सभी 24 जिलों में तैनाती इधर, न केवल नेमरा बल्कि राज्य में दुर्गापूजा के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। जैप, आईआरबी, एसआईआरबी और झारखंड जगुआर के जवानों को सभी 24 जिलों में भेजा गया है। रांची में सबसे अधिक 749 जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील जिलों में बम निरोधक दस्तों और अश्रु गैस टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। नेमरा में भीड़ नियंत्रण के लिए मोबाइल टावर के पास बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने यातायात को व्यवस्थित रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाने की तैयारी की है। संस्कार भोज में वीवीआईपी, वीआईपी और आम लोगों के पहुंचने के साथ दुर्गापूजा के पंडालों में भी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में दोनों आयोजनों के दौरान सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने सुनीं लोगों की समस्याएं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक आवास नेमरा में बेटे के दायित्व के साथ राजकाज का काम भी कर रहे हैं। वे लोगों से भी मिल रहे हैं। उनसे उनकी परेशानी भी सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास से करीब 200 मीटर पहले लोगों के लिए बड़ा पंडाल बनाया गया है। मुख्यमंत्री घरेलू कार्यों और अनुष्ठानों से समय निकालकर यहां पहुंच रहे हैं। वे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उनकी शिकायतें सुन रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी नागरिक को निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़े।
रूपी सोरेन का दशकर्म आज, कल संस्कार भोज:रामगढ़ के नेमरा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 10 हजार से अधिक जवान तैनात
