Tuesday, July 7, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

लाखों कांवरियों के आने से पहले प्रशासन अलर्ट, भागलपुर के घाटों और मंदिरों की हुई बड़ी जांच

सुतलतानगंज(भागलपुर) से रिपोर्ट

Shravani Mela: श्रावणी मेला शुरू होने से पहले भागलपुर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ आने से पहले डीएम और एसएसपी खुद गंगा घाटों, शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर पहुंचे. निरीक्षण के दौरान साफ संदेश दिया गया कि इस बार सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

हर साल सावन में भागलपुर के गंगा घाटों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा बासुकीनाथ और बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं. यही वजह है कि प्रशासन इस बार पहले से ही हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को परखने में जुट गया है, ताकि मेले के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या हादसे की नौबत न आए.

बाबा बैद्यनाथ धाम

घाटों से मंदिरों तक हर व्यवस्था की हुई बारीकी से जांच

जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बाबूपुर घाट से लेकर बूढ़ानाथ और भूतनाथ मंदिर तक व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया.

इस दौरान एसएम कॉलेज घाट, बूढ़ानाथ घाट, बरारी घाट और भूतनाथ घाट सहित प्रमुख गंगा घाटों और शिवालयों का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने घाटों की सीढ़ियों की स्थिति, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, नियंत्रण कक्ष और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की.

डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां तय समय के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए.

अतिक्रमण और गंदगी पर सख्त रुख, साफ मिला प्रशासन का संदेश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से सीढ़ी घाट मार्ग और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत हो, वहां मरम्मत और समतलीकरण का कार्य तुरंत कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

उन्होंने नगर निगम को सभी घाटों और मंदिर परिसरों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. प्रशासन का मानना है कि भीड़ बढ़ने के साथ स्वच्छता और सुगम आवागमन सबसे बड़ी चुनौती होती है, इसलिए इस बार पहले से तैयारी की जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम ने कहा , किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी

श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है.

डीएम अलंकृता पांडे ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी, गोताखोर, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

इसके साथ ही नगर निगम, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल, आपदा प्रबंधन और पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

बांकीपुर उपचुनाव के ऐलान के बाद हटने लगे पोस्टर बैनर.

Shravani Mela: मनकामना नाथ मंदिर पहुंचे डीएम और एसएसपी, किया बाबा भोले का दर्शन

निरीक्षण के बाद डीएम अलंकृता पांडे और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव नाथनगर स्थित बाबा मनकामना नाथ मंदिर भी पहुंचे. यहां दोनों अधिकारियों ने बाबा भोले का दर्शन किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.

मंदिर के पंडित माना शुक्ला ने मंत्रोच्चारण के साथ दोनों अधिकारियों का पूजन संपन्न कराया. इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की.

श्रावणी मेला केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं बल्कि प्रशासनिक परीक्षा भी माना जाता है. लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है. आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

Also Read: लाखों खर्च के बाद भी बदहाल घाटशिला, जाम नालियां, सड़कों पर जलजमाव और कचरे के ढेर से लोग परेशान

Also Read: भोजपुर में स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई: नेपाल से घूमकर लौट रहे झारखंड के कपल समेत तीन की मौत, एक की हालत गंभीर

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles