![]()
लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। कोयला लदा एक हाइवा वाहन अचानक आग की चपेट में आ गया, जिससे पूरा वाहन जलकर राख हो गया। हालांकि, इस घटना में चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, हाइवा तुबेद कोल माइंस से कोयला लेकर बालूमाथ साडिंग जा रहा था। रास्ते में अचानक वाहन का टायर फट गया (ब्लास्ट)। टायर फटने के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा चालक ने बताया कि तेज धमाके के साथ टायर फटते ही आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उसने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। 40 से 50 लाख रुपए का अनुमानित नुकसान स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। बताया जा रहा है कि यह हाइवा बिहार का था और आदर्श ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के अधीन संचालित हो रहा था। इस घटना में ट्रक मालिक को 40 से 50 लाख रुपए का अनुमानित नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हेरहंज थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया ने पुष्टि की कि हाइवा का टायर फटने से आग लगी है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


